home page

सुक्खू सरकार में महंगा होता इलाज और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था चिंताजनक : राकेश जम्वाल

 | 
सुक्खू सरकार में महंगा होता इलाज और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था चिंताजनक : राकेश जम्वाल


धर्मशाला, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने कैंसर की दवाओं की कीमतों में भारी कटौती करने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है, जबकि हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था मरीजों की परेशानियां कम करने में विफल नजर आ रही है।

वीरवार को जारी एक प्रेस बयान में राकेश जम्वाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने कैंसर की 137 श्रेणियों की 543 ब्रांडेड दवाओं की कीमतों में कटौती का निर्णय लिया है। इसके साथ ही गैर-अनुसूचित कैंसर दवाओं पर व्यापारिक मार्जिन को 30 प्रतिशत तक सीमित करने की व्यवस्था की गई है। इस फैसले से कई दवाओं की कीमतों में बड़ी कमी आने और मरीजों के उपचार का खर्च घटने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को अस्पताल में भर्ती होकर उपचार करवाने के लिए सालाना 5 लाख तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध करवा रही है। इसके अतिरिक्त 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए, उनकी आय की परवाह किए बिना, स्वास्थ्य कवर का प्रावधान किया गया है।

राकेश जम्वाल ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में डॉक्टरों की कमी, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, हिमकेयर के भुगतान और मरीजों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया