home page

सुक्खू सरकार में भ्रष्टाचार को मिली है खुली छूट : राकेश शर्मा

 | 
सुक्खू सरकार में भ्रष्टाचार को मिली है खुली छूट : राकेश शर्मा


धर्मशाला, 01 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार को खुली छूट दी गई है और मुख्यमंत्री कार्यालय इसका केंद्र बना हुआ है। भूमि, परियोजनाओं और निर्माण से जुड़े मामलों में पारदर्शिता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। समाज का हर वर्ग अब सुक्खू सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश को विकास के रास्ते से भटकाकर अराजकता की ओर धकेल दिया है।

शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सुक्खू सरकार ने प्रदेश को आर्थिक और प्रशासनिक संकट के कगार पर ला खड़ा कर दिया है। जनता के बीच झूठे दावे कर रही है, लेकिन सरकार की वास्तविकता अब लोगों के सामने आ चुकी है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कहा कि लोकतंत्र और जनतंत्र के इतिहास में शायद कांग्रेस जैसी सरकार ना कभी पहले आई और ना आएगी। पहले तो यह फैसला लेती ही नहीं है और जो फैसला लेती है वह जन विरोधी होता है। राकेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार में केवल मित्रों को नौकरियां दी जा रही है। वन, पशु, चिकित्सक, मुख्यमंत्री मित्रों जैसे शब्द हिमाचल प्रदेश में प्रचलित और प्रसिद्ध है और ऐसे ही लोगों को नौकरियां देने का काम चल रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया है कि सुक्खू सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं का बोझ आम जनता की जेब पर डाल रही है। मुख्यमंत्री जनता को महंगाई की आग में झोंककर अपने ‘खास मित्रों’ को उपकृत करने में मस्त हैं। प्रदेश कर्ज के दलदल में धंसता जा रहा है और सरकार के पास कर्मचारियों को वेतन देने तक के लाले पड़ रहे हैं। सरकार केवल टैक्स बढ़ाने और गोल-मोल बातें करने में समय व्यतीत करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार यह दावा करते हैं कि प्रदेश का खजाना खाली है और केंद्र सरकार से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा, लेकिन उनके रहन-सहन और खर्चों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार खुद ही प्रदेश की वित्तीय स्थिति बिगाड़ने में जुटी है। उन्होंने कहा मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कोषागार बंद करने जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, जो बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया