home page

पेपर लीक और शिक्षा में भ्रष्टाचार कांग्रेस की ही देन : संजय शर्मा

 | 
पेपर लीक और शिक्षा में भ्रष्टाचार कांग्रेस की ही देन : संजय शर्मा


धर्मशाला, 25 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने कांग्रेस पार्टी के हालिया जंतर-मंतर प्रदर्शन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि अपने राजनीतिक वजूद को बचाने के लिए जंतर-मंतर के चक्कर लगा रही कांग्रेस को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस चाहे जितने भी राजनीतिक ढोंग रच ले, उसे जनसमर्थन रूपी संजीवनी कभी नहीं मिलने वाली, क्योंकि देश और प्रदेश की जागरूक जनता उनके काले अतीत और राष्ट्रविरोधी सत्य को भली-भांति जानती है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि देश में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार वास्तव में कांग्रेस पार्टी की ही देन है। यदि अपने शासनकाल में कांग्रेस ने समय रहते कड़े और ठोस कदम उठाए होते, तो आज युवाओं के सामने ये परिस्थितियां ही पैदा नहीं होतीं। कांग्रेस ने दशकों तक युवाओं के भविष्य और उनकी मेहनत के साथ केवल खिलवाड़ किया है। आज देश का जागरूक युवा कांग्रेस के इस असली चेहरे को अच्छी तरह पहचान चुका है और इनके बहकावे में आने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता और देश का युवा ही अंतिम जज है। कांग्रेस केवल विरोध की राजनीति, पेपर लीक की अपनी पुरानी विरासत और झूठे प्रपंचों के सहारे अपनी खोई हुई ज़मीन वापस नहीं पा सकती। देश का युवा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शिता और मजबूत भविष्य के साथ खड़ा है।

संजय शर्मा ने आगे कहा कि जंतर-मंतर पर सिर्फ झंडे लहराने और अनर्गल बयानबाज़ी करने से कोई दल संजीवनी नहीं पा सकता। जनता और युवा वर्ग उनके वादों और दावों की असलियत को समझ चुके हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया