home page

सुक्खू सरकार के कुशासन को धर्मशाला की जनता ने सिरे से नकारा : पवन काजल

 | 
सुक्खू सरकार के कुशासन को धर्मशाला की जनता ने सिरे से नकारा : पवन काजल


धर्मशाला, 31 मई (हि.स.)। कांगड़ा से भाजपा विधायक एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पवन काजल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि धर्मशाला नगर निगम के नतीजों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को उनकी भाषा में जबाव दिया है। इस चुनाव में जनता ने मतदान के द्वारा सुक्खू सरकार के साढे तीन सालों के कुशासन और जनविरोधी नीतियों को सिरे से नकारते हुए कड़ा प्रहार किया है। विधायक पवन काजल ने कहा कि नगर निगम चुनावों में भाजपा की जीत आगामी 2027 के विधान सभा चुनावों में धमाकेदार एंट्री की तरफ बढ़ चुकी है। भाजपा ने इस चुनाव में एक नए राजनीतिक युग की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। नगर निगम अपनी जीत सुनिश्चित करते हुए भाजपा ने कांग्रेस को चारों खाने चित कर दिया है।

नगर निगम के आए नतीजों के बाद रविवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि गली-मोहल्लों से लेकर चैराहों तक अब जनता का मिजाज साफ है। जनता अब केवल विकास और विश्वास की राजनीति चाहती है, जिसका पर्याय भारतीय जनता पार्टी बन चुकी है। जनता का मानना है कि स्मार्ट सिटी के अधूरे सपनों को केवल भाजपा का डबल इंजन मॉडल ही पूरा कर सकता है। उन्होंने कहा प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा विकास कार्यों में कथित रोड़े अटकाने से स्थानीय निवासियों में भारी रोष रहा है। भाजपा की संगठित टीम ने सुक्खू सरकार को बैकफुट पर धकेल दिया है। यह पहली बार हुआ कि नगर निगम चुनाव में भाजपा रिकार्ड मतों से यह चुनाव जीती है।

पवन काजल ने कहा कि इससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि जनता प्रदेश की सुक्खू सरकार तथा नगर निगम के पांच वर्षों के कार्यकाल से बेहद दुखी थी। बदलाव इस बात का प्रमाण है कि जनता अब तुष्टिकरण नहीं, बल्कि विकास चाहती है।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पवन काजल ने कहा कि नगर निगम चुनाव से सुक्खू सरकार को यह कड़ा सबक मिला है कि जीत तभी मुमकिन है जब चुनाव को केवल झूठ में उलझाने के बजाय राज्यों के स्थानीय मुद्दों और जनता की जमीनी जरूरतों पर केंद्रित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया