home page

नारी सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम : डॉ बिंदल

 | 
नारी सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगा नारी शक्ति वंदन अधिनियम : डॉ बिंदल


धर्मशाला, 16 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। वीरवार को धर्मशाला में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में भाग लेते हुए उन्होंने यह बात कही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि अब महिलाओं के सशक्तिकरण का दृष्टिकोण बदल चुका है। यह केवल महिला कल्याण नहीं, बल्कि महिला के माध्यम से समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लागू होने से संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे नीति निर्माण में संतुलन, संवेदनशीलता और व्यापक दृष्टिकोण आएगा। डॉ. बिंदल ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में महिलाओं के जीवन के हर चरण को ध्यान में रखते हुए व्यापक कार्य किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण 2.0, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, लखपति दीदी जैसी कई अन्य योजनाएं महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि नए भारत के निर्माण की आधारशिला है, जहां हर महिला सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा इस संकल्प के साथ कार्य कर रही है कि सशक्त नारी, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का सपना साकार हो।

इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, कांगड़ा के विधायक पवन काजल, सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार, भाजपा जिला कांगड़ा अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. (कर्नल) रीता डढवाल, डॉ. वासु सिंह, ज्योति चंदेल, सीमा चंदेल, अंजला कुमारी, शुभ्रा गुप्ता, शकुन, शीला सलूजा और रंजू रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया