home page

सुक्खू सरकार के व्यवस्था परिवर्तन से बिगड़ी प्रदेश की कानून व्यवस्था : राकेश शर्मा

 | 
सुक्खू सरकार के व्यवस्था परिवर्तन से बिगड़ी प्रदेश की कानून व्यवस्था : राकेश शर्मा


धर्मशाला, 10 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक अधिकारियों की बेलगाम कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। प्रदेश कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि बिलासपुर समेत अन्य क्षेत्रों में दिनदहाड़े गोलीबारी और मारपीट की घटनाओं ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि पुलिस के भीतर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा आला अधिकारियों और शासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के मामले भी सामने आए हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा है।

भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही प्रदेश में आपराधिक गतिविधियों का ग्राफ बढ़ा है, जबकि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस बाबत कड़ा संज्ञान लेने की बजाए तमाशबीन बने हुए हैं। उन्होंने कहा कहा कि प्रदेश में न्याय मांगने वालों पर खुद सरकार मामले दर्ज करवा रही है, जबकि अपराधी बेखौफ होकर अपनी गतिविधियों को अंजाम देने में लगे हुए हैं। राकेश शर्मा ने कहा कि सुक्खू सरकार ने जो व्यवस्थ्सा परिवर्तन किया है उससे जनता में त्राहिमाम मचा हुआ है।

उन्होंने कहा कि पिछले लगभग चार सालों में गंभीर अपराधिक घटनाओं ने प्रदेश में भय का माहौल बना रखा है, जिससे देवभूमि की छवि खराब हुई है। कांग्रेस सरकार द्वारा लगातार पुलिस महकमें में किए जा रहे तबादलों ने अपराधियों के अंदर से पुलिस का भय निकाल दिया गया है और यही कारण है कि लगातार क्राइम की घटनाएं बढ़ती जा रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि वर्तमान में कानून व्यवस्था पर सुधार की आवश्यकता है। प्रदेश में बढ़ रहे नशे का कारोबार भी सबसे बड़ा कारण देखा जा रहा है, जबकि अपराधियों के आगे मुखबिर तंत्र कमजोर पड़ गया है। प्रदेश की जनता सुरक्षित माहौल चाहती है, लेकिन सरकार उसे सुरक्षित वातावरण देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया