स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भाजपा का सुक्खू सरकार पर हमला, चमियाणा और टांडा अस्पतालों की अवव्यस्थाओं पर उठाए सवाल
धर्मशाला, 18 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर से विधायक राकेश जम्वाल ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों और नई स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि चमियाणा के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में हृदय रोगियों के दो महत्वपूर्ण टेस्ट—होल्टर मॉनिटरिंग और एंबुलेटरी ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग (एबीपीएम स्टॉफ की कमी के कारण बंद पड़े हैं, जबकि टांडा मेडिकल कॉलेज जैसे प्रमुख संस्थान में मरीजों को सुई, सिरिंज, ग्लव्स और जरूरी दवाइयों तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार चमियाणा में इन दोनों टेस्ट के लिए प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध न होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में राकेश जम्वाल ने कहा कि यह स्थिति सरकार के स्वास्थ्य संबंधी दावों की वास्तविक तस्वीर सामने रखती है। एक तरफ सरकार नए अस्पतालों और नई घोषणाओं की बात कर रही है, वहीं दूसरी तरफ जिस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल को प्रदेश में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बताया जा रहा है, वहां हृदय रोगियों के लिए जरूरी जांच तक बंद हो गई हैं।
राकेश जम्वाल ने कहा कि दूसरी ओर प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल टांडा मेडिकल कॉलेज में भी स्थिति चिंताजनक है। हालिया रिपोर्ट के अनुसार हिमकेयर और आयुष्मान भारत की करीब 85 करोड़ रुपये की लंबित राशि के कारण मेडिकल सामग्री और दवाइयों की खरीद प्रभावित होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट में सुई, सिरिंज, ग्लव्स सहित अन्य आवश्यक सामग्री की आपूर्ति प्रभावित होने तथा मरीजों को दवाइयां बाहर से खरीदने की शिकायतों का उल्लेख है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

