home page

प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहने पर खड़गे के खिलाफ धर्मशाला थाने में शिकायत, एफआईआर की मांग

 | 
प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहने पर खड़गे के खिलाफ धर्मशाला थाने में शिकायत, एफआईआर की मांग


धर्मशाला, 23 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहे जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने बुधवार को धर्मशाला पुलिस थाने में खड़गे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि 21 अप्रैल 2026 को चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खड़गे ने सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री मोदी के लिए आतंकवादी शब्द का इस्तेमाल किया और कहा कि उनकी पार्टी बराबरी के सिद्धांत में विश्वास नहीं करती।

शिकायत दर्ज करवाने के बाद मीडिया से बात करते हुए एडवोकेट विश्व चक्षु ने अपनी शिकायत में इसे देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान और 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं को आहत करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान से समाज में वैमनस्य, नफरत और अराजकता फैल सकती है तथा कानून व्यवस्था बिगड़ने का खतरा है।

विश्व चक्षु ने थाना प्रभारी धर्मशाला से मांग की है कि मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी प्रधानमंत्री पद की गरिमा पर हमला न कर सके। शिकायत के साथ संबंधित समाचार की प्रति भी संलग्न की गई है।

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस चुनावी हताशा में अमर्यादित भाषा पर उतर आई है, जिसे देश बर्दाश्त नहीं करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया