home page

पिछले चार साल में कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को दी सिर्फ महंगाई, विकास शून्य : विश्व चक्षु

 | 
पिछले चार साल में कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को दी सिर्फ महंगाई, विकास शून्य : विश्व चक्षु


धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि पिछले चार सालों से कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश में विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगाई है। कांग्रेस सरकार ने सिर्फ महंगाई, टैक्स और जनता पर बोझ लादने का ही काम किया है। विश्व चक्षु ने कहा कि कांग्रेस की यह सरकार सुख की सरकार नहीं, बल्कि महंगाई की मार सरकार बन गई है।

रविवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों में इस सरकार ने जनता पर महंगाई का बोझ लादा है। लोगों को डिपुओं में मिलने वाला राशन महंगा, सीमेंट महंगा, स्टांप ड्यूटी में भारी बढ़ोतरी, एचआरटीसी के किराए में बढ़ोतरी, बिजली महंगी और तो और सरकारी अस्पतालों में जो पर्ची मुफ्त मिलती थी, उस पर भी पैसे वसूले जा रहे हैं। 125 यूनिट फ्री बिजली और सस्ते राशन के वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस आज हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है।

विश्व चक्षु ने कहा कि एक तरफ देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल को लगातार बड़े प्रोजेक्ट दे रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश की कांग्रेस सरकार उन पर भी ब्रेक लगाने का काम कर रही है। हिमाचल को एम्स बिलासपुर, अटल टनल रोहतांग जैसी विश्वस्तरीय सौगात, वंदे भारत ट्रेन, बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क और हजारों करोड़ की सड़क परियोजनाएं केंद्र की भाजपा सरकार ने दी हैं। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि से हिमाचल का हर परिवार लाभान्वित हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया