पालमपुर में भाजपा समर्थित नेतृत्व को मिला प्रचंड जनसमर्थन : त्रिलोक कपूर
धर्मशाला, 27 जून (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने पालमपुर ब्लॉक समिति अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की शानदार जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम केवल दो पदों की जीत नहीं, बल्कि ग्रामीण जनता द्वारा विकास, सुशासन और जनहित की राजनीति पर लगाए गए विश्वास की स्पष्ट मुहर है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, प्रशासनिक हस्तक्षेप और राजनीतिक दबाव की राजनीति को जनता ने पूरी तरह नकार दिया है।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि पालमपुर ब्लॉक समिति के कुल 21 निर्वाचित सदस्यों में से एक सदस्य अनुपस्थित रहा, जबकि उपस्थित सदस्यों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को स्पष्ट बहुमत प्राप्त हुआ। चेयरमैन और वाइस चेयरमैन दोनों पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत यह दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। यह जीत संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता और ग्रामीण जनता के अटूट समर्थन का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि पालमपुर नगर निगम क्षेत्र में लगभग 25 हजार मतदाता हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की 40 पंचायतों में लगभग 55 हजार मतदाता निवास करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त यह प्रचंड जनसमर्थन स्पष्ट संकेत देता है कि जनता विकास, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। ग्रामीण जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से यह साबित कर दिया है कि उसका विश्वास भाजपा की नीतियों, नेतृत्व और संगठन पर लगातार मजबूत हो रहा है।
त्रिलोक कपूर ने विश्वास व्यक्त किया कि पालमपुर का यह जनादेश पूरे प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत है। हिमाचल की जनता कांग्रेस सरकार की विफलताओं और जनविरोधी नीतियों से पूरी तरह परिचित हो चुकी है। आने वाले समय में जनता भाजपा के पक्ष में और अधिक मजबूती से अपना समर्थन व्यक्त करेगी तथा प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति को पुनः स्थापित करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

