home page

‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत स्कूली विद्यार्थियों को किया जागरूक

 | 
‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत स्कूली विद्यार्थियों को किया जागरूक


धर्मशाला, 27 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार बच्चों के अधिकारों की रक्षा और बाल यौन शोषण की रोकथाम के उद्देश्य से ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), कांगड़ा द्वारा आज वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगली, मंदल व खनियारा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

डीएलएसए कांगड़ा के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि यह अभियान 27 से 31 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम, 2012, बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, ऑनलाइन सुरक्षा तथा बाल शोषण की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान करने, दुर्व्यवहार की स्थिति में बिना भय सहायता मांगने तथा उपलब्ध विधिक सहायता एवं बाल संरक्षण सेवाओं की जानकारी प्रदान करना है। विद्यालयों में संवादात्मक सत्रों और आयु-अनुकूल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उनके लिए सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया