home page

एटीएस के विरोध को लेकर प्रदर्शन कर रहे टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों के खिलाफ मामला दर्ज

 | 

धर्मशाला, 08 अप्रैल (हि.स.)। ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के विरोध में बीते सोमवार को हड़ताल के दौरान एचआरटीसी की बस को रोकने के मामले में प्रदर्शन कर रहे कमर्शियल वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करवाया गया है। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी चालक कमलेश के अनुसार जब वह सोमवार को धर्मशाला डिपो की बस लेकर राजल से धर्मशाला के लिए जा रहे थे तो कोतवाली के गांधी पार्क के पास मुख्य सड़क पर टैक्सी यूनियन जिला कांगड़ा के अलग अलग जगह से एकत्रित हुए टैक्सी यूनियनों के प्रधान व अन्य टैक्सी चालकों ने उनकी बस को रोक दिया जिससे सरकारी डयूटी में बाधा उत्पन्न की गई। इस दौरान सिर्फ उनकी ही नही बल्कि अन्य रुटों पर जाने वाली सरकारी गाड़ियों को भी रोककर सरकारी डयूटी में बाधा उत्पन्न करके रुट को प्रभावित किया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार इस कारण बसों के गंतव्य तक नही पंहुचने से आम जनता को परेशानी हुई।

पुलिस को दी गई शिकायत में बस चालक ने बताया कि वाहनों को रोकने वालों में धौलाधार टैक्सी आपरेटर यूनियन, कचहरी टैक्सी यूनियन, एक्स सर्विसमैन मैक्स टैक्सी यूनियन, मैक्लोडंगज टैक्सी यूनियन, बीड़ टैक्सी यूनियन व अन्य क्षेत्रों के टैक्सी यूनियन के प्रधान और अन्य सदस्य शामिल थे।

उधर मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि टैक्सी यूनियनों के प्रधान व कार्यकर्ताओं के खिलाफ इस शिकायत के आधार पर पुलिस थाना धर्मशाला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 221,191(2), 190,126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया