home page

हिमाचल की बेटी पुष्पा की कप्तानी में भारत ने जीता एशियन गेम्स कबड्डी का स्वर्ण

 | 
हिमाचल की बेटी पुष्पा की कप्तानी में भारत ने जीता एशियन गेम्स कबड्डी का स्वर्ण


धर्मशाला, 26 सितंबर (हि.स.)। जापान के आयची-नगोया में चल रहे 20वें एशियन गेम्स में शनिवार को हिमाचल की बेटी पुष्पा राणा की कप्तानी में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने स्वर्णिम इतिहास रच दिया। भारतीय टीम ने शनिवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में ईरान को 37-34 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले हांगझोउ एशियन गेम्स में भी स्वर्ण जीता था। फाइनल में भारतीय टीम ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में भारत ने 22-16 की बढ़त बनाकर मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। दूसरे हाफ में ईरान ने जोरदार वापसी करते हुए अंतर कम किया, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बीच शानदार रक्षण करते हुए तीन अंकों की बढ़त कायम रखी और स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया।

भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत में हिमाचल की कप्तान पुष्पा राणा की भूमिका अहम रही। धर्मशाला स्थित राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र से प्रशिक्षण लेने वाली पुष्पा ने पूरे टूर्नामेंट में टीम का नेतृत्व करते हुए हिमाचल का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन किया। उनके साथ हिमाचल की चार अन्य बेटियों रितु नेगी, भावना ठाकुरव ज्योति ठाकुर ने भी भारतीय टीम में अपनी प्रतिभा का दम दिखाया और स्वर्णिम अभियान का हिस्सा बनीं।

भारत की महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में अपनी बादशाहत फिर कायम की है। वर्ष 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में ईरान से हारकर रजत पदक हासिल करने के बाद भारतीय टीम ने 2022 हांगझोउ में स्वर्ण पदक जीता था। अब आइची-नगोया में भी स्वर्ण बरकरार रखते हुए भारतीय बेटियों ने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया।

धर्मशाला पंहुचने पर होगा भव्य स्वागत

उधर पुष्पा राणा के नेतृत्व में मिली इस जीत से हिमाचल के खेल जगत में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। देश भर सहित हिमाचल में जश्न मनाया जा रहा है। एनसीओई धर्मशाला के असिस्टेंट डायरेक्टर जेपी साहनी ने कहा कि ये गर्व के पल है, बेटियों के धर्मशाला पहुंचने पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया