शाहपुर में चिट्टा मुक्त अभियान के तहत बुधवार को एंटी चिट्टा मैराथन
धर्मशाला, 10 नवंबर (हि.स.)। चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में 12 नवंबर को हारचक्कियां से गुब्बर तक एंटी चिट्टा मैराथन आयोजित की जाएगी। मैराथन में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेंगे। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के चिट्टा मुक्त हिमाचल के संकल्प को साकार करने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से शाहपुर में इस मैराथन के माध्यम से नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना और जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चिट्टा केवल एक व्यक्ति या परिवार की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। इसके खिलाफ लड़ाई में अभिभावकों, युवाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों सहित प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने लोगों से मैराथन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहयोग से चिट्टा जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मैराथन के माध्यम से शाहपुर से चिट्टे के खिलाफ एकजुटता, जागरूकता और स्वस्थ समाज का सशक्त संदेश दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

