home page

15 चिन्हित नशा प्रभावित पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित

 | 
15 चिन्हित नशा प्रभावित पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित


धर्मशाला, 26 जून (हि.स.)।

एंटी चिट्टा दिवस पर शुक्रवार को जिला कांगड़ा के 15 चिन्हित नशा प्रभावित पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में नशा निवारण समितियों की बैठकों का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कांगड़ा के गगल, धर्मशाला, पालमपुर, कांगड़ा, नगरोटा बगवां, बैजनाथ, योल, फतेहपुर, रक्कड़, जोगीपुर, घुरकड़ी, गुनेहड़, बागनी, दाड़ी एवं खनियारा में नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित की गईं।

बैठकों में पुलिस, एसटीएफ, सीआईडी, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षकों, महिला मंडलों, युवक मंडलों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। ग्राम पंचायत गगल में पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा, नगर निगम धर्मशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेंद्र कुमार, नगर निगम पालमपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) वीर बहादुर, नगरोटा बगवां में उप पुलिस अधीक्षक (एल.आर.) निशा कुमारी तथा नगर परिषद कांगड़ा में उप-मंडल पुलिस अधिकारी मनोज कुमार ने लोगों को नशे के विरुद्ध संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

बैठकों के दौरान युवाओं एवं अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी अथवा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस अथवा एंटी-चिट्टा हेल्पलाइन पर देने का आग्रह किया गया। सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखने तथा सरकार द्वारा घोषित प्रोत्साहन योजना की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रमों के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एंटी-चिट्टा शपथ लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया