home page

केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में एंटी चिट्टा अभियान, वाॅकथाॅन से आरम्भ हुआ दुर्गेश्वर महादेव मेला

 | 
केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में एंटी चिट्टा अभियान, वाॅकथाॅन से आरम्भ हुआ दुर्गेश्वर महादेव मेला


केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में एंटी चिट्टा अभियान, वाॅकथाॅन से आरम्भ हुआ दुर्गेश्वर महादेव मेला


धर्मशाला, 18 सितंबर (हि.स.)। दुर्गेश्वर महादेव डल झील मेले के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश देने के लिए वाॅकथाॅन का आयोजन किया गया। वाॅकथाॅन का नेतृत्व उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया।

टेंगल मोड़ से डलझील तक आयोजित इस वाॅकथाॅन में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में नशा-विरोधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर और नशे के विरुद्ध नारे लगाते हुए पैदल यात्रा करके समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को एंटी चिट्टा अभियान तथा नशीले पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से संकल्प लेने का आहवान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने साथियों, परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान को प्रभावी बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने भी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार और नशीले पदार्थों के सेवन को रोकने के लिए पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की सम्पत्तियों को नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी पुलिस तक पहुंचाने तथा नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने का आग्रह किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया