कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए 95 फीसदी जमीन अधिग्रहण का कार्य पूरा, प्रभावितों को मिले 2400 करोड़
धर्मशाला, 25 नवंबर (हि.स.)। कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण परियोजना ने अब धरातल पर रफ्तार पकड़ ली है। वर्षों से भूमि अधिग्रहण और प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। एयरपोर्ट विस्तार के लिए करीब 95 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, 2580 करोड़ रुपये के कुल भूमि अधिग्रहण अवार्ड में से लगभग 2400 करोड़ रुपये प्रभावित परिवारों को आवंटित किए जा चुके हैं। शेष करीब 175 करोड़ रुपये का भुगतान होना बाकी है। इसके साथ ही पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर) के तहत करीब 600 करोड़ रुपये के अवार्ड में से 310 करोड़ रुपये लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं। शेष भुगतान और तीन मुहाल में म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त बजट की जरूरत है।
एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए कांगड़ा और शाहपुर तहसील के कुल 14 मुहाल शामिल किए गए हैं। इनमें से 11 मुहाल की भूमि का म्यूटेशन पर्यटन विभाग के नाम दर्ज हो चुका है। शेष तीन मुहाल में नामांतरण और भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसके लिए करीब 300 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आवश्यकता बताई गई है। भूमि अधिग्रहण कलेक्टर की ओर से पहले करीब 100 करोड़ रुपये की मांग सरकार को भेजी गई थी। इसी बीच प्रदेश सरकार ने पांच नवंबर को एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए 100 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की है। इस राशि से भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन के तहत पात्र प्रभावित परिवारों को भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
उधर, परियोजना में अब एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रशासन ने अधिगृहीत जमीन का भौतिक कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दीपावली के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में जमीन पर कब्जा लेने की तैयारी तेज की थी। जिन परिवारों को जमीन, भवन और पुनर्वास का निर्धारित मुआवजा मिल चुका है और जिन्होंने अपने मकान खाली कर दिए हैं, ऐसे भवनों को हटाने की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। नवंबर में रछियालू सहित सात गांवों में यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। एयरपोर्ट की सीमा पर तारबंदी के लिए लोक निर्माण विभाग को भी बजट स्वीकृत किया गया है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू करवाने की तैयारी है।
विस्तारीकरण के लिए प्रस्तावित 12 मीटर चौड़ी परिधीय सड़क के दायरे में आने वाली कुछ अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। वहीं, रन-वे विस्तार के रास्ते में आने वाली मांझी खड्ड पर विशेष रन-वे पुल के निर्माण, जमीन के समतलीकरण और सर्वेक्षण से जुड़े कार्यों पर भी काम चल रहा है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने एयरपोर्ट विस्तार के खिलाफ प्रभावित समिति की याचिका खारिज करते हुए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को सही ठहराया है। इससे परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता और स्पष्ट हुआ है। अब प्रभावित परिवारों को शेष मुआवजा देने, भूमि का कब्जा लेने और निर्माण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद एयरपोर्ट विस्तार के वास्तविक निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।
उधर पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान ने बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तारीकरण से प्रभावित परिवारों को मुआवजा और आरएंडआर पैकेज देने का कार्य लगभग अंतिम चरण में है। कुल 14 मुहाल में से 11 मुहाल की भूमि का म्यूटेशन पर्यटन विभाग के नाम हो चुका है। शेष तीन मुहाल में प्रक्रिया पूरी की जानी है। सरकार से बजट उपलब्ध होने के बाद शेष पात्र लाभार्थियों को भी निर्धारित मुआवजा दे दिया जाएगा। प्रशासन अब अधिगृहीत भूमि का भौतिक कब्जा लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। एयरपोर्ट की तारबंदी के लिए लोक निर्माण विभाग को धनराशि स्वीकृत कर दी गई है और निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह कार्य भी शुरू हो जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

