सभी किसान अपनी फसल का करवाएं बीमा : कृषि मंत्री
धर्मशाला, 28 फ़रवरी (हि.स.)। सभी विभागों के अधिकारी पंचायतों को क्लस्टर में बांटकर विकास कार्यों पर निरंतर निगरानी रखें और ब्यौरा बनाकर बैठक में प्रस्तुत करें। यह उद्गार कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार ने शनिवार को कांगड़ा में उपमंडल स्तरीय शिकायत निवारण समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहे।
बैठक में मंत्री द्वारा सभी विभागों के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का समस्त ब्यौरा लिया गया। उन्होंने विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सभी पंचायतों को क्लस्टर में बांटे और क्लस्टर की पंचायतों को विकास कार्य बांटकर विकास कार्य पर निगरानी रखें। उन्होंने कहा कृषि विभाग पंचायतों में कृषकों का ब्यौरा रखें कितने कृषक ऑर्गेनिक खेती कर रहे हैं कितने कृषक अन्य तरह की खेती कर रहे हैं। अधिकारी कृषकों की जमीन की जांच करें और उन्हें बताएं कैसे वह अपनी खेती की गुणवत्ता बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने कहा अधिकारी पशुओं की वैक्सीनेशन करें। बाहर से आने वाले पशुओं का ब्यौरा भी रखें। उन्होंने कहा लोगों को पशुपालन के जरिए अर्थिक स्थिति बेहतर करने बारे जागरुक करें। उन्होंने आईपीएच विभाग के अधिकारियों को पीने के पानी की 24 घंटे सप्लाई हो इसपर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने कुओं और कुहलों का जीर्णोद्धार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा लगभग 10 प्रतिशत फसल पर बीमा हो रहा है जो कि लगभग 60 प्रतिशत होना चाहिए इसके लिए अधिकारियों को किसानों को जागरुक करना चाहिए। किसानों को हर तरह की फसल का बीमा भी कराना चाहिए ताकि किसी आपदा में उनके नुकसान की भरपाई हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

