home page

कृषि मंत्री ने स्मार्ट सिटी में सीवरेज और ट्यूलिप गार्डन को लेकर सुधीर शर्मा पर बोला हमला

 | 

धर्मशाला, 09 मई (हि.स.)। कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने धर्मशाला नगर निगम चुनावों के बीच भाजपा और स्थानीय नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना से सीवरेज को जानबूझकर बाहर रखा गया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी और उस समय के तत्कालीन मंत्री, जो आजकल भाजपा विधायक हैं, ने ही इसका ब्लूप्रिंट तैयार किया था। उन्होंने सीधे तौर पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सुधीर शर्मा ने स्मार्ट सिटी परियोजना से सीवरेज को जानबूझकर बाहर रखा, जिसका खामियाजा आज धर्मशाला की जनता भुगत रही है।

शनिवार को धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कृषि मंत्री ने कहा कि यदि धर्मशाला आज भी बेहतर सीवरेज व्यवस्था से वंचित है, तो इसके लिए तत्कालीन योजना निर्माण में हुई बड़ी चूक जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला धर्मशाला की जनता के साथ अन्याय था और शहर के दीर्घकालिक विकास को नुकसान पंहुचाने वाला साबित हुआ।

चंद्र कुमार ने कहा कि स्मार्ट सिटी का उद्देश्य आधुनिक और व्यवस्थित शहर विकसित करना था, लेकिन आधारभूत सुविधाओं को नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद धर्मशाला की हालत आज भी कई पंचायतों से बदतर दिखाई देती है। चंद्र कुमार ने कहा कि धर्मशाला, जिसे प्रदेश की दूसरी राजधानी का दर्जा प्राप्त है, विकास के मामले में पिछड़ गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यकाल में शहर को योजनाबद्ध विकास नहीं मिला और स्मार्ट सिटी परियोजना का लाभ जनता तक नहीं पंहुच पाया।

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किए गए स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का तत्कालीन भाजपा नेताओं ने विरोध किया था, जिसका परिणाम यह हुआ कि आज धर्मशाला कंक्रीट का जंगल बनकर रह गया है। उन्होंने विशेष रूप से सीवरेज परियोजना को स्मार्ट सिटी योजना से बाहर रखने पर सवाल उठाए और करोड़ों रुपये की लागत से बने ट्यूलिप गार्डन की बदहाल स्थिति पर उच्च स्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने भाजपा को डिवाइडेड हाउस बताते हुए कहा कि पार्टी के भीतर ही कई वार्डों में बगावत की स्थिति बनी हुई है और भाजपा प्रत्याशी आपस में संघर्ष कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया