home page

कृषि विश्वविद्यालय में यूपीएससी स्कॉलरशिप परीक्षा आयोजित

 | 
कृषि विश्वविद्यालय में यूपीएससी स्कॉलरशिप परीक्षा आयोजित


धर्मशाला, 27 अगस्त (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर में वीरवार को नगर निगम पालमपुर द्वारा प्रायोजित यूपीएससी स्कॉलरशिप योजना के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में पालमपुर क्षेत्र के 92 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर, मार्गदर्शन और आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध करवाना है।

नगर निगम पालमपुर की आयुक्त नेत्रा मेती (आईएएस) ने कहा कि नगर निगम द्वारा समय-समय पर ऐसी परीक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही दिशा और मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है।

कृषि विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिकारी प्रो. जय देव ने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उचित मार्गदर्शन और संसाधनों की उपलब्धता विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और नगर निगम मिलकर भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में इस प्रकार की शैक्षणिक पहल जारी रखेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया