home page

कृषि विश्वविद्यालय में भूकंप आपदा तैयारियों पर मॉक ड्रिल आयोजित

 | 
कृषि विश्वविद्यालय में भूकंप आपदा तैयारियों पर मॉक ड्रिल आयोजित


धर्मशाला, 04 अप्रैल (हि.स.)। चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर में छात्र कल्याण संगठन के तत्वावधान में शनिवार को भूकंप आपदा से निपटने हेतु एक व्यापक मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य छात्रों, कर्मचारियों एवं आपातकालीन टीमों की आपदा तैयारी तथा प्रतिक्रिया क्षमता को सुदृढ़ करना था।

विश्वविद्यालय के चार घटक महाविद्यालयों के 200 से अधिक छात्रों ने इस ड्रिल में सक्रिय रूप से भाग लिया और इसका अवलोकन किया। यह अभ्यास एक काल्पनिक परिदृश्य पर आधारित था, जिसमें कृषि महाविद्यालय के परीक्षा भवन में परीक्षा के दौरान भूकंप आने की स्थिति को दर्शाया गया। इस दौरान 123 छात्र एवं 5 शिक्षक कक्ष में उपस्थित माने गए।

भूकंप आने के तुरंत बाद आपातकालीन प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए। प्राध्यापकों, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स से युक्त टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाला। खोज एवं बचाव टीमों ने सुनियोजित निकासी अभियान चलाकर सभी व्यक्तियों को भवन से सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार टीम ने “घायलों” को तत्काल चिकित्सीय सहायता प्रदान की, जबकि त्वरित प्रतिक्रिया टीम ने समग्र आपदा प्रबंधन का समन्वय किया।

यह मॉक ड्रिल कुलपति डा. अशोक कुमार पांडा के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान क्षति को कम करने के लिए तैयारी, जागरूकता एवं समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने छात्रों की सक्रिय भागीदारी तथा प्राध्यापकों, एनएसएस एवं एनसीसी टीमों के समर्पित प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम का समापन एक समीक्षा बैठक के साथ हुआ, जिसमें प्रमुख पदाधिकारियों उप घटना कमांडर संदीप मनुजा एवं डॉ. अंजलि सूद, संचार एवं सूचना अधिकारी डॉ. लव भूषण एवं डॉ. मंजुला शर्मा और अन्य की भूमिका एवं प्रदर्शन की समीक्षा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया