एचपीयू के क्षेत्रीय केंद्र धर्मशाला में एबीवीपी ने मांगों को लेकर जड़ दिया ताला
धर्मशाला, 21 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के क्षेत्रीय केंद्र मोहली धर्मशाला में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। यही नही 'शिक्षा बचाओ अभियान' के तहत आक्रोशित विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने रीजनल सेंटर के मुख्य गेट पर ताला भी जड़ दिया। हालांकि छात्रों के कड़े रुख और परिसर में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात की। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद छात्रों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी इकाई अध्यक्ष और सचिव ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया।
छात्र नेताओं ने कहा कि वे अपनी जायज़ मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी आवाज़ दबाने और छात्रों में डर पैदा करने के लिए पुलिस व क्यूआरटी तैनात कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पुलिस के पहरे से डरने वाले नहीं हैं और छात्र हितों की आवाज़ किसी भी कीमत पर दबाई नहीं जा सकती। वरिष्ठ
संगठन छात्र नेता जितेंद्र वर्मा ने बताया कि जब तक प्रशासन अपना अड़ियल रवैया छोड़कर उनकी मांगें नहीं मान लेता, तब तक उनका शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि एबीवीपी की 4 प्रमुख मांगों में फीस वृद्धि पर रोक लगाते हुए हाल ही में छात्रों पर थोपी गई फीस वृद्धि को तुरंत वापस लिया जाए। परिसरों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल कर छात्र संघ चुनाव तुरंत करवाए जाएं। इसके अलावा कानून की पढ़ाई कर रहे छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान के लिए मूट कोर्ट की उचित व्यवस्था करना तथा कैम्पस में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना शामिल है। वही जल्द से जल्द छात्रावास का निर्माण हो, खेल के मैदान बनाए जाएं और सुरक्षा के लिए पूरे परिसर की चारदीवारी की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

