home page

कांगड़ा जिला में 478 भूमिहीन परिवारों को उपलब्ध करवाई गई जमीन : आयुष मंत्री

 | 
कांगड़ा जिला में 478 भूमिहीन परिवारों को उपलब्ध करवाई गई जमीन : आयुष मंत्री


धर्मशाला, 23 फ़रवरी (हि.स.)।

आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा विधि मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि कांगड़ा जिला में पात्र भूमिहीन परिवारों को आवास निर्माण के लिए प्राथमिकता के आधार पर भूमि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने यह बात जिला कांगड़ा में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र भूमिहीन परिवारों को आवास निर्माण के लिए प्राथमिकता के आधार पर भूमि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि लंबित आवेदनों का आवंटन मई माह पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी भूमिहीन परिवार आवास सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिला में 478 भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए सरकार की ओर से भूमि उपलब्ध करवाई गई है।

समीक्षा बैठक के दौरान मनरेगा के अंतर्गत रोजगार उपलब्धता, जॉब कार्ड जारी करने की स्थिति तथा मजदूरी भुगतान की प्रगति पर भी चर्चा की गई। आयुष मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मांग के अनुसार कार्य उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने, उन्हें समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनके उत्पादों के विपणन के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया। यादविंद्र गोमा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए तथा सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति करें।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एंटी-चिट्टा अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए प्रदेश में ‘चिट्टा सूचना इनाम योजना’ की गई है और चिट्टा की सूचना देने वालों को इनाम भी दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में न केवल सख्त प्रवर्तन सुनिश्चित कर रही है, बल्कि नशे से पीड़ित व्यक्तियों की काउंसलिंग, उपचार और पुनर्वास तंत्र को भी मजबूत कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मादक पदार्थ ‘चिट्टा’ के उन्मूलन के लिए सक्रिय सहयोग दें तथा 112 नंबर पर काॅल करके या नजदीकी पुलिस स्टेशन में सूचना दे सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया