10वीं की मेरिट में एक बार फिर बेटियों का दबदबा, पहले 10 स्थानों में 83 लड़कियां, 24 लड़के
धर्मशाला, 10 मई (हि.स.)।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा घोषित दसवीं के परीक्षा परिणाम की मेरिट में एक बार फिर बेटियों का दबदबा रहा है। दसवीं की जारी मैरिट में कुल 107 स्थानों में 83 में बेटियों ने एकाधिकार करते हुए बाजी मारी है, जबकि छात्रों के हिस्से में मात्र 24 ही स्थान आ पाए हैं। प्रदेश भर में पहले पांच स्थानों में भी 18 में से 15 लड़कियों ने कब्जा किया है। पहले, दूसरे, तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर बेटियां शान से विराजमान हुई हैं। एक मात्र दूसरे, चौथे व पांचवें स्थान पर बेटियों संग संयुक्त रूप से ही तीन लड़के स्थान बनाने में कामयाब हो सकें है।
दसवीं के परीक्षा परिणाम की मेरिट में अधिकतर स्थानों पर लड़कियों ने कब्जा जमाया है। साथ ही पास प्रतिशतता के मामले में भी लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ दिया है। 93 हज़ार 661 परीक्षार्थियों में से 78 हज़ार 150 पास हुए हैं। जिसमें 48 हज़ार 97 लड़कों ने दसवीं की परीक्षा दी थी, जिनमें से 39 हज़ार 701 पास हुए हैं, जोकि 82 फीसदी के पास पहुंचे हैं। जबकि 45 हज़ार 79 लड़कियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें 38 हज़ार 449 लड़कियां पास हुई हैं, जिनकी पास प्रतिशतता 85 फीसदी से अधिक रही।
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा रविवार को घोषित मैट्रिक के परीक्षा परिणाम की मैरिट के पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर बेटियों ने अपना दबदबा कायम रखा है। दसवीं की परीक्षा में इस बार एवीएम पब्लिक स्कूल पहाड़ा जिला कांगड़ा की अनमोल ने 700 में से 699 अंक लेकर 99.86 प्रतिशत संग प्रथम स्थान हासिल किया है।
वहीं, द्वितीय स्थान पर तीन छात्रों जीएसएसएस रपो मिश्रां ऊना के अभिनव मेहता, जीएसएसएस गल्र्ज बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा व रपो मिश्रां ऊना की रूहानी धीमान ने 700 में से 698 अंक 99.71 प्रतिशत प्राप्त किए हैं। इन छात्रों ने 99.71 प्रतिशत अंक हासिल किए।
इसके अलावा नीलम पब्लिक स्कूल बिझड़ी हमीरपुर की छात्रा अश्विका शर्मा व ऑक्सफोर्ड स्कूल कोटली मंडी की अलीशा ठाकुर ने 697 अंक लेकर तृतीय स्थान हासिल किया है। इन्होंने 99.57 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इसके अलावा अन्य चौथे से 10वें स्थान में 23 ही लड़के शामिल हुए हैं, जिसमें कुल 24 बॉयज अपना स्थान बना पाए हैं। जबकि बेटियां 83 स्थान बनाकर राज्य भर में अनमोल बनकर उभरी हैं।
नौंवें स्थान पर सबसे अधिक 25 विद्यार्थी
दसवीं की मेरिट में 107 स्थानों में से नौंवें स्थान पर सबसे अधिक 25, जबकि दसवें स्थान पर 24 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। मेरिट में पहले स्थान पर एक, दूसरे स्थान पर तीन, तीसरे स्थान पर दो, चौथे स्थान पर चार, पांचवें व छठे स्थान पर आठ-आठ, सातवें स्थान पर 13, आठवें स्थान पर 19, जबकि नौंवें पर 25 और दसवें स्थान पर 24 विद्यार्थी काबिज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

