छात्रों का इंतजार खत्म, बोर्ड ने 10वीं के नियमित विद्यार्थियों के मूल प्रमाण-पत्र स्कूलों को भेजे
धर्मशाला, 31 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से मार्च 2026 में दसवीं कक्षा की नियमित (रेगुलर) परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले हजारों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। बोर्ड प्रशासन ने मैट्रिक के इन सभी नियमित परीक्षार्थियों के मूल प्रमाण-पत्र (ओरिजिनल सर्टिफिकेट) तैयार कर संबंधित स्कूलों को भेज दिए हैं। अब विद्यार्थियों को अपने प्रमाण-पत्रों के लिए बोर्ड कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि उन्हें अपने ही स्कूल से ये महत्वपूर्ण दस्तावेज प्राप्त हो सकेंगे।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मार्च 2026 में आयोजित दसवीं की नियमित परीक्षा से जुड़े विद्यार्थियों के मूल प्रमाण-पत्र बीते 27 अक्टूबर, 2026 को पंजीकृत डाक के माध्यम से प्रदेश भर के संबंधित विद्यालयों को प्रेषित कर दिए गए हैं। स्कूलों में डाक पहुंचते ही प्रबंधन द्वारा इन्हें विद्यार्थियों को वितरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों को परीक्षा से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज तय समय पर उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दसवीं का मूल प्रमाण-पत्र विद्यार्थियों के लिए केवल एक अंकतालिका नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा में प्रवेश और भविष्य की तमाम शैक्षणिक व प्रतियोगी गतिविधियों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। छात्रों को आगे की पढ़ाई या अन्य औपचारिकताओं में कोई बाधा न आए, इसी उद्देश्य से बोर्ड ने प्रमाण-पत्रों को सीधे विद्यालयों तक पहुंचाने की प्रक्रिया समय रहते पूरी कर ली है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

