कांढी तारापुर के कर्ण बने सीए, मां का सपना किया पूरा
मंडी, 03 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह क्षेत्र की भडयाल पंचायत के वार्ड कांढी तरापुर गांव के कर्ण उर्फ बंटी ने कड़ी मेहनत कर इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया से चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए)की उपाधि हासिल की है। ऐसा कर उसने अपनी मां का सपना पूरा किया है। कर्ण ने सीए बनकर गांव और क्षेत्र को गौरवाविंत किया है। कर्ण का बचपन से ही सीए बनने का सपना था जो उसने सीमित संसाधनों के बावजूद पूरा कर दिखाया है। इस उपलब्धि पर उसके परिवार में खुशी का माहौल है। परिजन व रिश्तेदार उसे इस उपलब्धि पर बधाई दे रहे हैं।
कर्ण एक साधारण गरीब परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता चंद दर्जी का काम करते हैं। इन्होंने दिन-रात मेहनत करके अपने परिवार का पालन-पोषण किया। कर्ण ने प्राथमिक शिक्षा एक सरकारी स्कूल से पूरी की और आगे बढ़ते हुए आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। हालांकि परिवार की आर्थिक हालत सही न होने के चलते भी कर्ण ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपने को साकार किया है। उनकी मां हमेशा चाहती थीं कि उनका बेटा सीए बने। हालांकि आज वह इस दुनिया में नहीं है। वह भी कर्ण को सीए बनकर खुश हो रही होंगी। जब कर्ण इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे थे, तभी उनकी मां का निधन हो गया था। चार्टर्ड अकाउंटेंट बन कर कर्ण ने अपनी मां के सपने को आज पूरा किया है।
कर्ण ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता व अपने परिजनों को दिया। जिनके बलबूते पर आज वह सीए बनने में कामयाब हो पाए हैं। कर्ण ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने दोस्त युवराज को भी दिया है, जिन्होंने हर कठिन समय में कर्ण का हमेशा सहयोग दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

