home page

मंडी के कांढी-तारापुर गांव को जल्द मिलेगी बस की सुविधा, पूर्व मंत्री ने दिया आश्वासन

 | 
मंडी के कांढी-तारापुर गांव को जल्द मिलेगी बस की सुविधा, पूर्व मंत्री ने दिया आश्वासन


मंडी, 25 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र की भडयाल पंचायत के कांढी-तारापुर वार्ड का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी से पूर्व बीडीसी सदस्य परमानंद आजाद की अगुवाई में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कांढी-तारापुर गांव को बस सेवा शुरू करवाने की मांग उठाई। इस मौके पर लोगों ने कहा कि कांढीतारापुर गांव को सडक़ तो बनाई गई है मगर इस पर एचआरटीसी विभाग बस चलाना भूल गया है। जिस कारण यहां के लोगों को आने जाने में बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग पहाड़ी से पांच छह किमी नीचे पैदल जाने को मजबूर हैं। जब भी कोई सामान लाना हो तो उसे कंधे पर उठाकर लाना पड़ता है।

लोगों ने कहा कि इस सडक़ पर पूर्व की कांग्रेस सरकार के समय उद्घाटन किया गया था और बस का सफल ट्रायल भी हुआ था। मगर उस दिन के बाद इस सडक़ पर दोबारा निगम की बस नहीं चलाई गई। जिस कारण यहां के लोग अपने आप को ठगा हुआ महसूस करते हैं। पूर्व बीडीसी सदस्य परमानंद आजाद ने कहा कि कांढी-तारापुर सड़क पर बस लगाने के लिए कई बार गुहार लगा चुके हैं मगर आज तक इस पर कोई कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई है। जिससे यहां के लोगों में भारी आक्रोश है।

उन्होंने बताया कि सड़क को पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा पक्का भी कर दिया गया है मगर एचआरटीसी इस पर बस नहीं चला रही है। जिससे यहां से स्कूली बच्चों व नौकरीपेशा लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गौर रहे कि गांव कांढी-तारापुर पहाड़ी पर स्थित है। लोगों को अपनी आजीविका के लिए 5 से 6 किमी नीचे शहर पहुंचना पड़ता है। वहीं स्कूली बच्चों को भी बिना बस के चलते आने जाने में कई दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।

पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने लोगों को आश्वास्त किया कि जल्द ही कांढी-तारापुर गांव के लिए बस की सुविधा प्रदान की जाएगी। लोगों ने इसके लिए पूर्व मंत्री का आभार व्यक्त किया। आपदा के समय चंडयाल, भडयाल, टिक्कर के मोक्षधाम के गिरने को लेकर भी लोगों ने पूर्व मंत्री से मांग उठाई और समाधान की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा