home page

विधायक कमलेश ठाकुर ने सेरा में बांटी 49 लाख रुपये की राहत राशि

 | 

नादाैन, 07 सितंबर (हि.स.)। देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के गरीबों, बेसहारा बच्चों एवं महिलाओं और समाज के अन्य जरुरतमंद लोगों के कल्याण एवं उत्थान के लिए बहुत ही सराहनीय योजनाएं आरंभ की हैं, जिनका सीधा लाभ इन लोगों तक पहुंच रहा है।

सोमवार को सेरा के विश्राम गृह में आयोजित मुख्यमंत्री राहत कोष राशि वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कमलेश ठाकुर ने कहा कि बेसहारा बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, बेसहारा महिलाओं के बच्चों की शिक्षा के लिए इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, आवास योजना, इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना और अन्य योजनाओं के माध्यम से मुख्यमंत्री ने समाज के हर वर्ग को लाभान्वित किया है। कमलेश ठाकुर ने बताया कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना की अन्य पात्र महिलाओं को भी शीघ्र ही 1500-1500 रुपये की राशि मिलनी आरंभ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल करके प्रदेश के लाखों अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बहुत बड़ी सौगात दी है। जो सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी एनपीएस में नाममात्र पेंशन ले रहे थे, अब उन्हें ओपीएस के तहत कई गुणा अधिक पेंशन मिल रही है।

नादौन विधानसभा क्षेत्र की चर्चा करते हुए कमलेश ठाकुर ने बताया कि इस क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ने अरबों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है और इन परियोजनाओं के कार्य युद्ध स्तर पर पूरे किए जा रहे हैं। इनमें जोल सप्पड़ में 1000 करोड़ रुपये का मेडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज, डेंटल कालेज, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कालेज और कैंसर केयर संस्थान, नादौन में लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम, 45 करोड़ रुपये का एचपीटीडीसी का होटल, जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह, राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल, विभिन्न स्कूलों एवं कालेजों तथा स्वास्थ्य केंद्रों के भवन, पेयजल योजनाएं, सभी मुख्य सड़कों का चौड़ीकरण, ई-बस डिपो एवं बस स्टैंड का निर्माण, टूरिज्म का प्रोजेक्ट और कई अन्य बड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

इस अवसर पर कमलेश ठाकुर ने 194 जरुरतमंद लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत कुल 49 लाख रुपये की राहत राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए तथा लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला