home page

प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी मंडी में कला ग्राम स्थापना,पंजेहटी में बना एम्फ़ीथियेटर

 | 
प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी मंडी में कला ग्राम स्थापना,पंजेहटी में बना एम्फ़ीथियेटर


मंडी, 20 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी के नाम से विख्यात मंडी शहर के साथ लगते तल्याहड़ के पंजेहटी में अपनी तरह के अनूठे कला ग्राम की स्थापना होने जा रही है। जहां पर भाषा, कला, संस्कृति, शिल्प, डिज़ाइन व फिल्म से संबंधित भाषा वैज्ञानिकों, कलाकारों एवम् कला प्रेमियों , शिल्पकारों, डिजाइनरों व फिल्मकारों को मंच प्रदान करने की एक ईमानदार पहल की जा रही है। आगामी 23 अगस्त रविवार को मंडी नगर के अंतर्गत तल्याहड़ वार्ड में निचली पंजैहटी निवासी प्रो. (डा .) राकेश कपूर, सेवानिवृत्त लोकपाल मनरेगा, प्राचार्य महाविद्यालय एवं उनके परिवार के सदस्यों द्वारा अपने पूर्वजों की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके चलते विभिन्न प्रकार की कलाओं के संरक्षण एवं प्रगति के लिए कंपनी अधिनियम 2013 की धारा 8 के अंतर्गत कालरू कॉयथ फाऊंडेशन, एक लाभ न अर्जित करने वाला संगठन का विधिपूर्वक निगमीकरण किया गया है।

डा. राकेश कपूर ने बताया कि यह संगठन शैक्षणिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, भाषाओं, लिपियों, कला, शिल्प, डिज़ाइन, संस्कृति और विरासत के विकास, स्थापना, प्रचार-प्रसार, सुविधा और सुधार को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयासरत रहेगा। वहीं पर कौशल विकास, सामाजिक विकास, समुदाय निर्माण, कल्याण और सामाजिक न्याय के लिए कला, सामाजिक कल्याण, समग्र कल्याण और गरीबों तथा वंचितों को चिकित्सा राहत प्रदान करना; और सामान्य सार्वजनिक उपयोगिता तथा सामुदायिक कल्याण के किसी भी अन्य धर्मार्थ और विकासात्मक उद्देश्यों को आगे बढ़ाना उद्देश्य रहेगा। इसके अलावा वाणिज्य , कला, विज्ञान, खेल, शिक्षा, अनुसंधान , सामाजिक कल्याण, धर्म, दान चैरिटी और पर्यावरण के संरक्षण को बढ़ावा देना शामिल है। अपनी गतिविधियों के माध्यम से उत्पन्न विशेषज्ञता और ज्ञान के आधार पर मार्गदर्शन स्थापित करना और प्रदान करना; साथ ही समान क्षेत्रों में काम करने वाले व्यक्तियों और संगठनों को मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा