home page

हिमाचल में जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर का वेतन 33,660 से बढ़कर 60 हजार रुपये हुआ

 | 
हिमाचल में जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर का वेतन 33,660 से बढ़कर 60 हजार रुपये हुआ


शिमला, 05 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कॉन्ट्रैक्ट और जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर (स्पेशलिस्ट) के मासिक वेतन में बड़ी बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर (स्पेशलिस्ट) का मासिक वेतन 33,660 रुपये से बढ़ाकर 60 हज़ार रुपये कर दिया गया है। सरकार का कहना है कि यह लगभग 78 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।

प्रवक्ता ने बताया कि वर्ष 2022 में छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने के बाद जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर (स्पेशलिस्ट) का वेतन करीब 27 हजार रुपये से बढ़ाकर 33,660 रुपये किया गया था, जो लगभग 24 प्रतिशत की वृद्धि थी। अब मौजूदा सरकार ने उनके वेतन में 33,660 रुपये से सीधे 60 हजार रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है।

प्रवक्ता का कहना है कि इस फैसले से विशेषज्ञ डॉक्टरों को सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं देने के लिए अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही दूरदराज और कठिन क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

प्रवक्ता ने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अन्य वर्गों के लिए भी आर्थिक लाभ बढ़ाए गए हैं। इससे पहले प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के मासिक स्टाइपेंड में भी बढ़ोतरी की गई थी। प्रथम वर्ष के पीजी विद्यार्थियों का स्टाइपेंड 40 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये, दूसरे वर्ष के विद्यार्थियों का 45 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये और तीसरे वर्ष के विद्यार्थियों का 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 65 हजार रुपये किया गया था। प्रवक्ता का कहना है कि पीजी विद्यार्थी पढ़ाई के साथ मरीजों के इलाज में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके स्टाइपेंड में वृद्धि की गई।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा राज्य सरकार की सबसे प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान इन दोनों क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। उनके अनुसार कॉन्ट्रैक्ट और जॉब ट्रेनी मेडिकल ऑफिसर के वेतन में की गई यह बढ़ोतरी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगी तथा लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक तकनीक और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इसके साथ ही डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की कमी दूर करने के लिए भी विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से प्रदेश के लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा