कृषि विभाग के इंजीनियरिंग स्टाफ का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
मंडी, 09 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना जेआईसीए-ओडीए, हमीरपुर के सौजन्य से किसान प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर में कृषि विभाग के इंजीनियरिंग स्टाफ के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का विषय एप्लीकेशन ऑफ द गाइडलाइंस एंड चेकलिस्ट रहा। प्रशिक्षण में प्रदेश के नौ जिलों से आए 15 इंजीनियरिंग अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। तीन दिनों तक चले इस कार्यक्रम में जल शक्ति विभाग के विशेषज्ञों तथा कृषि विभाग के अधिकारियों ने संसाधन व्यक्ति के रूप में प्रतिभागियों को दिशानिर्देशों एवं चेकलिस्ट के प्रभावी उपयोग, गुणवत्ता नियंत्रण, निरीक्षण प्रक्रिया तथा विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।
समापन समारोह में कृषक प्रशिक्षण केंद्र सुंदरनगर के उप-प्रधानाचार्य एवं प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. जगदीश जंजीहा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों और कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ गुणवत्ता आधारित कार्य संस्कृति को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में कृषि विकास अधिकारी अनूप शर्मा, राजेश कुमार और अशोक कुमार का विशेष सहयोग रहा। वहीं प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. राजीव शर्मा तथा डॉ. सुधीर कुमार ने भी तकनीकी विषयों और उनके व्यवहारिक क्रियान्वयन पर अपने विचार साझा किए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

