home page

शाया से शनिवार को चूड़धार के लिए रवाना होगी शिरगुल महाराज की पवित्र जातर

 | 

नाहन, 26 जून (हि.स.)। श्री शिरगुल देवता की पवित्र जातर इस वर्ष 27 जून को उनकी जन्मस्थली शाया से चूड़धार में पवित्र स्नान के लिए रवाना होगी। इस संबंध में नो ताबीन के मुखिया निवेश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जातर का पहला पड़ाव बांगा पानी में होगा, जहां श्रद्धालु रात्रि विश्राम करेंगे। रात्रि के समय विधि-विधान के साथ देव पूजन संपन्न किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 28 जून की सुबह जातर चूड़धार के लिए प्रस्थान करेगी। पाछले मोड़ पहुंचने के बाद श्रद्धालु चूड़धार की ओर रवाना होंगे, जहां भगवान शिरगुल महाराज का पवित्र स्नान संपन्न होगा। स्नान के उपरांत जातर वापसी करेगी और रात्रि विश्राम पाछले मोड़ में किया जाएगा। इसके बाद 29 जून को जातर अपनी जन्मस्थली शाया पहुंचेगी।

निवेश ठाकुर ने सभी ताबीनों से अपील की है कि जिनकी जो काराभारी जिम्मेदारी है, वे देव परंपराओं और अपने दायित्वों का पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जातर के दौरान किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करना या उन्हें साथ लेकर चलना पूर्णतः वर्जित है। ऐसा करने वाला व्यक्ति देव दोष का भागीदार माना जाएगा।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि जातर के दौरान अनुशासन बनाए रखें। देव परंपराओं का सम्मान करें और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए यात्रा को सफल बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर