नाहन में मनाई डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती
नाहन, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय नाहन में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में हिमाचल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ जिला प्रभारी डॉ. संजय ठाकुर, जिला सह प्रभारी राकेश डोगरा, भाजपा धारटी मंडल अध्यक्ष संजय पुंडीर, जिला व मंडल के अन्य पदाधिकारी तथा पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इस मौके पर वक्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव के लिए समर्पित रहा। उनके एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे के ऐतिहासिक संकल्प को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय एकता के लिए किया गया उनका संघर्ष आज भी प्रासंगिक है।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का त्याग, राष्ट्रभक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही देश को एकता के सूत्र में बांधा जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

