home page

जनगणना-2027 के तहत स्व गणना अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लें सभी नागरिक: अपूर्व देवगन

 | 
जनगणना-2027 के तहत स्व गणना अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लें सभी नागरिक: अपूर्व देवगन


मंडी, 02 जून (हि.स.)। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मंडी जिला के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे जनगणना-2027 के तहत चल रहे स्व-गणना सेल्फ एन्यूमरेशन अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लें और ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से जनगणना संबंधी अपनी जानकारी अवश्य दर्ज करें।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में जनगणना-2027 का कार्य दो चरणों में संपन्न किया जाएगा। प्रथम चरण 16 जून से 15 जुलाई, 2026 तक संचालित किया जाएगा, जोकि ‘गृह सूचीकरण एवं आवास जनगणना’ पर आधारित होगा। द्वितीय चरण में अगले वर्ष फरवरी माह में वास्तविक जनसंख्या की गणना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। गणनाकर्ता (एन्यूमरेटर) और पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) मोबाइल उपकरणों के माध्यम से घरों और परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्रित करेंगे।

इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जनगणना कार्य के तहत पहली जून से लेकर 15 जून तक जिला के नागरिक स्व-गणना के तहत वांछित जानकारी भर सकते हैं। इससे जनगणना कार्य में तेजी लाई जा सकेगी और 16 जून से घर-घर आने वाले प्रगणकों को भी कार्य में सुविधा होगी। लोगों को कंप्यूटर-लैपटॉप या मोबाइल से ऑनलाइन स्वयं की जानकारी अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है। इसके लिए स्वगणना पोर्टल पहली जून से 15 जून तक खोला गया है। सभी परिवारों के मुखिया या अन्य लोग इसमें अपने मकानों एवं भवनों से संबंधित जानकारी स्वयं इस पोर्टल पर भर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इसकी प्रक्रिया बेहद आसान है और इसे चंद मिनटों में ही पूरा किया जा सकता है। स्व गणना पूरा होते ही संबंधित व्यक्ति की एक पहचान (आईडी) तैयार होगी और इस आईडी को वे अपने मोबाइल में रख सकते हैं। प्रथम चरण में जब प्रगणक मकानों के सूचीकरण के लिए घर-घर आएंगे तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। इससे प्रगणकों का कार्य बहुत ही आसान हो जाएगा और जनगणना की पूरी प्रक्रिया को तीव्रता से पूरा किया जा सकेगा।

उन्होंने इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाने के लिए गणनाकर्ताओं, पर्यवेक्षकों तथा अन्य जनगणना अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा