बाढू-रोहांडा में जन संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित, 160 किसानों ने लिया भाग
मंडी, 02 सितंबर (हि.स.)। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना, विकास खंड निहरी द्वारा ग्राम पंचायत बाढू रोहांडा में एक दिवसीय जन संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 160 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आत्मा, जिला मंडी डॉ. राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रधान दुर्गी देवी ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. राकेश कुमार ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन की दिशा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उद्यान विकास अधिकारी मोनिका शर्मा तथा पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. शालिनी ठाकुर ने किसानों को विभागों की विभिन्न लाभकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। खंड तकनीकी प्रबंधक रवि कुमार व सहायक खंड तकनीकी प्रबंधक गणेश और मुरारी लाल ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा प्राकृतिक खेती के महत्व पर विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। प्राकृतिक खेती में प्रयोग किए जाने वाले विभिन्न घटकों के बारे में किसानों को विधिपूर्वक जानकारी प्रदान की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

