जल शक्ति विभाग की एडवाइजरी:टैंकों की सफाई रखें नियमित, शुद्ध जल का ही करें उपयोग : इ. रोहित गुप्ता
मंडी, 04 अप्रैल (हि.स.)। जल शक्ति विभाग ने ग्रीष्म ऋतु के दौरान जलजनित रोगों की आशंका को देखते हुए पेयजल उपभोक्ताओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए पीने के लिए विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे पेयजल का ही उपयोग करने की सलाह दी है। सहायक अभियंता इ. रोहित गुप्ता ने बताया कि विभाग द्वारा आपूर्ति किया जा रहा पेयजल आधुनिक शुद्धीकरण और गुणवत्ता परीक्षण प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद ही उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाता है, इसलिए उपभोक्ता पीने के लिए विभागीय पेयजल का ही उपयोग करें।
उन्होंने बताया कि मंडी शहर के विभिन्न हिस्सों से प्रतिदिन पानी के नमूने एकत्रित कर नियमित परीक्षण किया जा रहा है और विभागीय स्रोतों का पानी पीने के लिए सुरक्षित पाया गया है। पानी के प्राथमिक और द्वितीयक उपचार के लिए रैपिड सैंड फिल्ट्रेशन तथा तृतीयक उपचार के लिए गैसीय क्लोरीनेशन प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
इ. रोहित गुप्ता ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे अपने निजी जल भंडारण टैंकों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें और उन्हें ढक कर रखें, ताकि पेयजल में किसी प्रकार का संदूषण न हो। पारम्परिक एवं प्राकृतिक जल स्रोतों जैसे बावड़ियों तथा निजी कुओं के पानी के नमूने भी प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल कनेक्शन में किसी प्रकार का रिसाव होने पर उसे तुरंत ठीक करवाएं, क्योंकि रिसाव प्रदूषकों के प्रवेश का कारण बन सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

