home page

जल शक्ति विभाग मंडल शिलाई में भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवाल, पूर्व विधायक,प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने लगाए गंभीर आरोप

 | 
जल शक्ति विभाग मंडल शिलाई में भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवाल, पूर्व विधायक,प्रदेश प्रवक्ता  बलदेव तोमर ने लगाए गंभीर आरोप


नाहन, 30 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने जल शक्ति विभाग मंडल शिलाई में चल रही भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस भर्ती में बड़े पैमाने पर धांधली और युवाओं के साथ धोखा किया जा रहा है।

बलदेव तोमर ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि जल शक्ति विभाग मंडल शिलाई के अंतर्गत विभिन्न पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी, जिसके लिए क्षेत्र के 800 से अधिक बेरोजगार युवाओं ने आवेदन किया था। लेकिन विभाग द्वारा मात्र 140 उम्मीदवारों को ही साक्षात्कार (इंटरव्यू) के लिए बुलाया गया है, जिससे 700 से अधिक युवा इस प्रक्रिया से वंचित रह गए हैं। यह सीधे तौर पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

बलदेव तोमर ने सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जल शक्ति विभाग में हो रही इन भर्तियों में कांग्रेस के एक नेता के निजी स्कूल की फर्जी मार्कशीट का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है और जिन युवाओं ने दिन-रात मेहनत कर इस भर्ती की तैयारी की है, उनके साथ यह बहुत बड़ा धोखा है।

पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री से इस पूरे मामले में विजिलेंस की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो भाजपा कार्यकर्ता जल शक्ति विभाग के कार्यालय का घेराव करेंगे।

बलदेव तोमर ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद इस भर्ती घोटाले की पूरी जांच कराई जाएगी और इस फर्जीवाड़े को जनता के सामने लाया जाएगा। इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कितने भी बड़े पद पर क्यों न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर