जल जीवन मिशन के तहत जिला में 1,21,917 पेयजल कुनेक्शन लगाए गए
नाहन, 26 अगस्त (हि.स.)।
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय सभागार में जल शक्ति विभाग द्वारा आयोजित जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जिला जल स्वच्छता मिशन समिति की बैठक आयोजित हुई।
उन्होंने बताया कि जिला में जल जीवन मिशन के शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर 01 लाख, 21 हजार, 917 घरों को पेयजल कुनैक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बावजूद हमें ग्रामीण स्तर पर उपलब्ध परम्परागत जल स्रोतों के संरक्षण, इनकी साफ सफाई और इनके देखभाल की जरूरत है क्योंकि ये पेयजल स्रोत हमारे ग्रामीण परिवेश का प्रमुख और अभिन्न हिस्सा हैं। बैठक में बताया गया जिला में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 237 योजनाएं स्वीकृत है जिसमें 199 योजनाएं भौतिक, 164 योजनाएं वितीय रूप से पूर्ण कर ली गई है जबकि 38 योजनाएं वर्तमान में प्रगति पर है।
बैठक में बताया गया कि जिला में वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक जिला में उपलब्ध विभाग की पांच पेयजल टेस्टिंग लैब में कुल 8091 वाटर सेंपल टेस्ट किये गए हैं। जिसमें 3505 केमिकल टैस्ट तथा 4586 बैक्टीरियोलाॅजिकल टैस्ट किए गए है जबकि गत वित वर्ष के दौरान 6175 केमिकल टैस्ट तथा 14126 बैक्टीरियोलाॅजिकल टैस्ट किए गए।उपायुक्त ने पेयजल की गुणवत्ता को परखने के लिए विभिन्न पेयजल योजनाओं के वाटर टेस्टिंग के कार्य को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी जल की गुणवत्ता में कमी पाई जाये वहां पर तुरंत कार्रवाई की जाये ताकि आम जन को स्वच्छ जल की ही आपूर्ति हो सके।
अधिशासी अभियंता जल शक्ति देवा नंद पुंडिर ने बैठक में मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया तथा डीडब्ल्यूएसएम के सम्बन्ध में विभाग द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों की विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जिला के 1590 स्कूलों में नल कुनेक्शन द्वारा पेय जल उपलब्ध कराया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

