अंबेडकर जयंती पर जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना
शिमला, 14 अप्रैल (हि.स.)। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला के चौड़ा मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कांग्रेस पर उन्हें लंबे समय तक भारत रत्न से वंचित रखने का आरोप भी लगाया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का देश की आज़ादी के बाद संविधान निर्माण में बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान बनाना एक कठिन और ऐतिहासिक कार्य था, जिसे अंबेडकर ने पूरी निष्ठा और दूरदर्शिता के साथ पूरा किया। उन्होंने यह भी कहा कि बचपन से सामाजिक भेदभाव झेलने के बावजूद अंबेडकर ने समाज में समानता और समरसता स्थापित करने की दिशा में काम किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इतने बड़े योगदान के बावजूद कांग्रेस सरकारों ने लंबे समय तक डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि बाद में वर्ष 1990 में वी.पी. सिंह की सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि देश डॉ. अंबेडकर के योगदान को कभी नहीं भूल सकता और उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

