हिम केयर पर झूठ बोल रहे मुख्यमंत्री, आरटीआई ने सच्चाई सामने रखी : जयराम ठाकुर
शिमला, 14 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिम केयर योजना को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार इस योजना को लेकर गलत बयान दे रहे हैं, जबकि सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत सरकार की ओर से दी गई जानकारी उनके दावों का समर्थन नहीं करती।
जयराम ठाकुर ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी अस्पतालों में हुए हिस्टरेक्टॉमी (बच्चेदानी निकालने के ऑपरेशन) से जुड़ी जानकारी आरटीआई के तहत मांगी गई थी। उनका दावा है कि सरकार ने अपने लिखित जवाब में बताया है कि इस अवधि के दौरान पुरुष मरीजों के नाम पर हिस्टरेक्टॉमी का एक भी मामला रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे मुख्यमंत्री के दावों की सच्चाई सामने आ गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पूर्व भाजपा सरकार की ओर से शुरू की गई हिम केयर योजना को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के इलाज के लिए शुरू की गई थी और लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रही है। उनके अनुसार मौजूदा सरकार अपनी साढ़े तीन साल की अवधि में ऐसी कोई नई जनकल्याणकारी योजना शुरू नहीं कर सकी है, इसलिए पूर्व सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि बिना किसी ठोस तथ्य और प्रमाण के सार्वजनिक मंच से ऐसे आरोप लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान सरकारी अस्पतालों में काम कर रहे डॉक्टरों, सर्जनों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की ईमानदारी और उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे पूर्व सरकार की योजनाओं पर आरोप लगाने के बजाय प्रदेश के विकास, जनहित के कार्यों और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दें। जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता अब तथ्यों और दावों के बीच अंतर समझ रही है और सरकार को लोगों के हित में काम करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

