हर बार की तरह इस बार भी दावा झूठा निकला, पेट्रोल-डीजल सेस पर जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा
शिमला, 12 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पेट्रोल और डीजल पर 60 पैसे सेस लगाए जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं भाजपा नेता जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने से पहले कांग्रेस ने जनता से बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन सरकार बनने के बाद लोगों पर तरह-तरह के शुल्क और करों का बोझ डाला जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने बुधवार काे कहा कि सरकार पहले ही दो बार वैट बढ़ा चुकी है और अब पेट्रोल तथा डीजल पर 60 पैसे का सेस लगाया गया है। उन्होंने इसे अनाथ एवं विधवा सेस के नाम पर जनता से पैसे वसूलकर सरकार चलाने का प्रयास बताया।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उन्होंने विधानसभा में भी सरकार को चेताया था कि पेट्रोलियम उत्पादों पर टैक्स बढ़ाने का व्यापक असर पड़ता है और इससे परिवहन महंगा होने के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ती हैं। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने सदन में कहा था कि यह केवल एक प्रावधान है और सरकार इसे लागू नहीं करने जा रही है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का यह दावा भी गलत साबित हुआ है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक पहाड़ी राज्य है और यहां यातायात तथा आपूर्ति व्यवस्था मुख्य रूप से सड़क मार्ग पर निर्भर है। ऐसे में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा और महंगाई बढ़ेगी।
जयराम ठाकुर ने सरकार की शुल्क लगाने की प्रवृत्ति पर उच्च न्यायालय की टिप्पणी का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने सरकार के एक आदेश को रद्द करते हुए कर लगाने के मामले में बुद्धिमत्ता और संवेदनशीलता बरतने की नसीहत दी है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सरकार जनता पर लगातार नए शुल्क और कर लगाने की नीति पर रोक लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को ‘सुख’ के नाम पर शुल्क की सरकार चलाने के बजाय आम जनता को राहत देने की दिशा में काम करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

