home page

सुक्खू सरकार की नाकामियों का जश्न मनाने पर जनता के करोड़ों रुपये खर्च करने का हक नहीं : जयराम ठाकुर

 | 
सुक्खू सरकार की नाकामियों का जश्न मनाने पर जनता के करोड़ों रुपये खर्च करने का हक नहीं : जयराम ठाकुर


शिमला, 27 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार द्वारा चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर जश्न मनाने की तैयारियों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्यवस्थाएं अस्त-व्यस्त हैं और जनता परेशान है, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी सरकार की उपलब्धियों का जश्न मनाने में जुटे हैं। सरकार को अपनी नाकामियों के उत्सव पर करोड़ों रुपये खर्च करने का कोई अधिकार नहीं है। यह धन प्रदेश के विकास पर लगाया जाना चाहिए।

जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कें आज भी बदहाल हैं। जिन सड़कों पर कभी वाहन चलते थे, वहां अब खच्चर चल रहे हैं। पीडीएनए की धनराशि प्रभावित मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने के बजाय मित्रों में बांटी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय जश्न की तैयारियों में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने ‘सुख की सरकार’ का नारा देकर प्रदेश में शुल्क लगाने वाली सरकार चला दी है। अस्पतालों में मुफ्त एक्स-रे जैसी सुविधाएं छीनी जा रही हैं। सरकारी स्कूलों से 50 हजार से अधिक विद्यार्थियों के नामांकन वापस लेने और अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की कमी के बावजूद सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार का दावा कर रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हत्या, महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, बलात्कार, फिरौती और चोरी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। सरकार स्थायी डीजीपी और मुख्य सचिव तक नियुक्त नहीं कर पाई है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश पर भारी कर्ज का बोझ डालने और व्यवस्थाओं को बदहाल करने के बाद मुख्यमंत्री किस बात का जश्न मनाना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि सरकार को उत्सव के बजाय जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला