home page

देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहती है कांग्रेस : जयराम ठाकुर

 | 
देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहती है कांग्रेस : जयराम ठाकुर


हमीरपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)।नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर देश में अराजकता का माहौल बनाकर सत्ता हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग को लेकर विपक्ष के धरना-प्रदर्शन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कथन सही साबित हो रहा है कि कांग्रेस की सोच नक्सली बनकर रह गई है।

उन्होंने शनिवार को हमीरपुर में कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार उचित कदम उठा रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की विपक्ष की मांग को उन्होंने निराधार बताया। विपक्षी दलों की राष्ट्रपति से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन देश में अराजकता का माहौल बनाना उचित नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्तों के साथ राजनीतिक व्यवहार करने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त टीएन शेषन को गांधीनगर से भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के खिलाफ चुनाव लड़वाया था।

उन्होंने पूर्व चुनाव आयुक्त नवीन चावला पर कांग्रेस की मदद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त बनाया। उन्होंने कांग्रेस को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने आचरण पर विचार करने की सलाह दी।

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नाम पर नई पार्टी बनाने की संभावना के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी पार्टी बनाने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह होली लॉज को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के गृह क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों के पोस्टरों से उनका चित्र गायब होना हैरानी की बात है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि पार्टी कितने गुटों में बंटी हुई है।

मंडी के विधायक अनिल शर्मा की बयानबाजी पर उन्होंने कहा कि भाजपा में अनुशासनहीनता के मामलों में सभी के लिए समान नियम हैं और गलत बयानबाजी पर कार्रवाई होती है। सांसद कंगना रनौत के बिलासपुर में कार्यकर्ताओं के साथ व्यवहार पर उन्होंने कहा कि पार्टी में संस्कारों को महत्व दिया जाता है और सभी को उनका पालन करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा