home page

सिरमौर में जयराम ठाकुर का कांग्रेस सरकार पर निशाना, बाेले - किशाऊ बांध परियोजना माेदी सरकार की देन

 | 
सिरमौर में जयराम ठाकुर का कांग्रेस सरकार पर निशाना, बाेले - किशाऊ बांध परियोजना माेदी सरकार की देन


नाहन, 16 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बुधवार को सिरमौर जिले के पच्छाद और नाहन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सराहां में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह तथा नाहन में जनप्रतिनिधि सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों के चुनाव में भाजपा को मिली जीत से प्रदेश में पार्टी के प्रति जनता के विश्वास का संकेत मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने चुनावों में देरी कराने का प्रयास किया, लेकिन भाजपा ने चुनाव समय पर करवाने के लिए उच्च न्यायालय से सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़ी। उनके अनुसार, चुनाव परिणामों के माध्यम से जनता ने अपना जनादेश दिया है।

सराहां में जयराम ठाकुर ने किशाऊ बांध परियोजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण की राह आसान हुई है। उन्होंने दावा किया कि परियोजना की 90 प्रतिशत लागत केंद्र सरकार वहन करेगी, जबकि केवल 10 प्रतिशत हिस्सा संबंधित राज्यों को मिलकर देना होगा। यह परियोजना हिमाचल सहित संबंधित राज्यों की ऊर्जा, सिंचाई और पेयजल जरूरतों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि हैरानी इस बात की है कि मुख्यमंत्री खुद की पीठ थपथपाए जा रहे हैं जबकि सारे प्रयास केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, जल संसाधन मंत्री सीआर पाटील ने किए और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री ने किए।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से संचालित ‘शी हाट’ का दौरा किया। उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों और किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। जयराम ठाकुर ने कहा कि ‘शी हाट’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को सशक्त करने का सराहनीय माध्यम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला