home page

मित्रों को सेटल करने के लिए मेरिट लिस्ट से खिलवाड़ कर रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर

 | 
मित्रों को सेटल करने के लिए मेरिट लिस्ट से खिलवाड़ कर रही सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर


शिमला, 28 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर मित्रों और करीबियों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी को सेवा विस्तार देने और हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (एचपीईआरसी) के अध्यक्ष की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द करने के मामलों में उच्च न्यायालय के फैसलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि एचपीईआरसी अध्यक्ष पद के लिए चयन समिति ने साक्षात्कार के बाद उम्मीदवारों की योग्यता और अनुभव के आधार पर सिफारिश की थी, लेकिन चयन प्रक्रिया रद्द कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपने चहेते अधिकारी को लाभ पहुंचाने के लिए ऐसा किया। उन्होंने कहा कि जनहित के बजाय मित्रहित को प्राथमिकता दी जा रही है। जल शक्ति विभाग के एक अधिकारी को दिए गए सेवा विस्तार पर भी न्यायालय द्वारा सवाल उठाए जाने का उन्होंने उल्लेख किया।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश में औद्योगिक नीति की अनुपस्थिति को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की औद्योगिक नीति 31 दिसंबर को समाप्त हो गई थी और सरकार इसकी अवधि तीन बार बढ़ा चुकी है। इससे 30 हजार से अधिक छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयों के सामने अनिश्चितता पैदा हो गई है।

उन्होंने सरकार से जल्द नई औद्योगिक नीति लाने की मांग करते हुए कहा कि उद्योगों को स्पष्ट दिशा देना जरूरी है, क्योंकि वे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जयराम ठाकुर ने अपने आधिकारिक आवास पर शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर के साथ आए हाटी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की। इस दौरान समुदाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के प्रयासों से लगभग 60 वर्षों के संघर्ष के बाद हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्राप्त हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला