home page

कांग्रेस सरकार की विदाई का समय नजदीक, भाजपा की वापसी तय : जयराम ठाकुर

 | 
कांग्रेस सरकार की विदाई का समय नजदीक, भाजपा की वापसी तय : जयराम ठाकुर


शिमला, 25 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार काे नेरवा में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि सरकार की विदाई का समय नजदीक है और प्रदेश में जल्द भाजपा की सरकार बनेगी।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने और पांच वर्षों में पांच लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध करवाने सहित कई गारंटियां दी थीं, लेकिन इन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भाजपा शासनकाल में शुरू की गई हिमकेयर, सहारा और स्वावलंबन जैसी योजनाओं को बंद कर गरीबों और जरूरतमंदों को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित की हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली और जनमंच जैसी योजनाओं के माध्यम से जनता को राहत देने का प्रयास किया था, जबकि वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार को जनसमस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।

प्रदेश में बढ़ते नशे और आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार चिट्टा माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय अन्य मामलों की जांच को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने पंचायत और जिला परिषद चुनावों का उल्लेख करते हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के प्रदर्शन को पार्टी के प्रति जनसमर्थन का संकेत बताया।

इस दौरान उन्होंने सैंज-देहा-नेरवा-चौपाल सड़क के सुधार का आश्वासन देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने उपस्थित लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।

चौपाल में जयराम ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का नवीनतम एपिसोड सुना। उन्होंने लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने, स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने, प्राकृतिक खेती अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला