home page

राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान मातृशक्ति की सुरक्षा हेतु ऐतिहासिक कदम : जयराम ठाकुर

 | 
राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान मातृशक्ति की सुरक्षा हेतु ऐतिहासिक कदम : जयराम ठाकुर


शिमला, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान की सराहना करते हुए इसे महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल बताया है। शुक्रवार को शिमला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह अभियान देश की करोड़ों बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में निर्णायक कदम है।

उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसरों में सर्वाइकल कैंसर एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देश में हर वर्ष लगभग 80,000 नए मामले सामने आते हैं और करीब 42,000 महिलाओं की असमय मृत्यु हो जाती है। ऐसे में 14 वर्ष की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका उपलब्ध कराने का निर्णय न केवल बीमारी के बोझ को कम करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य भी प्रदान करेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि प्रतिवर्ष लगभग 1.15 करोड़ बालिकाओं को टीकाकरण के दायरे में लाने का लक्ष्य विश्व के सबसे बड़े स्वास्थ्य अभियानों में से एक है। यह प्रधानमंत्री के ‘स्वस्थ भारत’ संकल्प और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि केंद्र से प्राप्त संसाधनों और मार्गदर्शन का अधिकतम उपयोग करते हुए इस अभियान को ‘मिशन मोड’ में लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र बालिका इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला