home page

चुनाव विभाग के कार्यालय पर हमला हिमाचल के लिए काला अध्याय : जयराम ठाकुर

 | 
चुनाव विभाग के कार्यालय पर हमला हिमाचल के लिए काला अध्याय : जयराम ठाकुर


शिमला, 26 सितंबर (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और मंत्रियों के एक समूह द्वारा चुनाव विभाग के कार्यालय में कथित तौर पर अभद्रता, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे मंत्रियों की अगुवाई में संवैधानिक संस्था के कार्यालय में हुई यह घटना हिमाचल के लिए काला अध्याय है। उन्होंने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जयराम ठाकुर ने शनिवार को एक बयान में आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को सत्ता के संरक्षण में अराजकता फैलाने की छूट मिली हुई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाले मंत्री इसी प्रक्रिया के तहत चुनकर सत्ता में पहुंचे हैं। उन्होंने बिलासपुर के घुमारवीं में भाजपा नेताओं के खिलाफ कथित टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 22 दिन के अनशन के बावजूद संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राहुल गांधी को दोबारा राजनीतिक रूप से स्थापित करने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी गारंटी पर भरोसा करता है।

जयराम ठाकुर ने एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने 10 हजार मीटर दौड़ में हिमाचल की सीमा के कांस्य पदक और जोगिंदरनगर के सावन बरवाल के मैराथन में स्वर्ण पदक जीतने का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने महिला कबड्डी टीम के स्वर्ण पदक में हिमाचल की पुष्पा राणा, ऋतु नेगी, भावना ठाकुर और ज्योति ठाकुर की भूमिका की सराहना की। उन्होंने सरकार से खिलाड़ियों को घोषित पुरस्कार राशि देने का आग्रह किया।

जयराम ठाकुर ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजी विशेषज्ञों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार मशीनें तो खरीद रही है, लेकिन पर्याप्त डॉक्टर नियुक्त नहीं कर रही। उन्होंने एमआरआई मशीन के उद्घाटन में देरी पर भी सवाल उठाए और कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में मशीनों के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला