home page

सुकखू सरकार का समय पूरी तरह से सुप्त अवस्था में, कानून व्यवस्था का निकल चुका है जनाजा : जयराम ठाकुर

 | 
सुकखू सरकार का समय पूरी तरह से सुप्त अवस्था में, कानून व्यवस्था का निकल चुका है जनाजा : जयराम ठाकुर


मंडी, 27 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सोमवार को मंडी में एक कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस समय पूरी तरह निष्क्रिय नजर आ रही है और प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार जघन्य अपराधों की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे साफ है कि अपराधियों के मन में पुलिस और कानून का भय समाप्त हो चुका है। जयराम ठाकुर ने चिंता जताई कि हाल के समय में अपराध का ग्राफ प्रदेश के इतिहास के पुराने रिकॉर्ड तोड़ चुका है, जो कि शांत और देवभूमि के रूप में पहचाने जाने वाले हिमाचल प्रदेश के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गृह विभाग मुख्यमंत्री सुख‍विन्‍द्र सिंह सुक्‍खू के पास होने के कारण यह उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है कि वे कानून व्यवस्था पर सख्ती से नियंत्रण रखें। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री इस दिशा में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं।

हाल ही में हुई हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को इन घटनाओं से सबक लेना चाहिए था, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। लेकिन इसके विपरीत, राज्य में लगातार हत्याएं हो रही हैं और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का कोई भी जिला अब अपराध से अछूता नहीं रह गया है और पुलिस त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करने में असमर्थ दिखाई दे रही है।

जयराम ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि अपराध का यही ग्राफ बढ़ता रहा तो हिमाचल की पहचान प्रभावित होगी और यह राज्य भी उच्च अपराध दर वाले राज्यों की श्रेणी में आ सकता है। इसका सीधा असर पर्यटन और निवेश पर पड़ेगा, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए नुकसानदायक होगा।

उन्होंने सरकार से मांग की कि अपराध नियंत्रण के लिए तत्काल उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई जाए और प्रदेश के हर क्षेत्र में पुलिस की सख्त मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना बेहद जरूरी है।

इस दौरान उन्होंने रोहड़ू क्षेत्र में एक धार्मिक आयोजन में हुई घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतक महिला के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की आवश्यकता जताई।

इससे पहले जयराम ठाकुर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुख राम की पुण्यतिथि पर आयोजित चवर्ख कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पंडित सुखराम को संचार क्रांति का मसीहा बताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही हिमाचल के दुर्गम क्षेत्रों तक संचार सुविधाएं पहुंच सकीं। इस अवसर पर मंडी से विधायक व सुख राम के बेटे अनिल शर्मा और आश्रय शर्मा भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा