home page

बागवानों की अनदेखी कर रही सुक्खू सरकार, 320 पीजी मेडिकल सीटें बढ़ाने पर केंद्र का जताया आभार : जयराम ठाकुर

 | 
बागवानों की अनदेखी कर रही सुक्खू सरकार, 320 पीजी मेडिकल सीटें बढ़ाने पर केंद्र का जताया आभार : जयराम ठाकुर


शिमला, 24 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार काे जुब्बल-नावर-कोटखाई में आयोजित नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बागवानों को अपने उत्पाद का दाम तय करने की गारंटी देने वाली कांग्रेस सरकार अब एमआईएस के तहत खरीदे गए सेब का भुगतान करने में देरी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य प्रभावित हैं और संस्थानों को बंद करने के साथ कर्ज का बोझ भी बढ़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने दावा किया कि पंचायत चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं के उत्साह से प्रदेश में पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहितकारी योजनाओं को बंद कर रही है और विकास के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दे रही है। उनके अनुसार प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़कर 1.20 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

320 पीजी मेडिकल सीटें बढ़ाने के फैसले का स्वागत

जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में 320 पीजी मेडिकल सीटें बढ़ाने और इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा 415 करोड़ रुपये देने के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार जताया। उन्होंने बताया कि हमीरपुर में 57, चंबा में 28, मंडी में 55, नाहन में 32, आईजीएमसी शिमला में 91 और टांडा में 57 सीटें बढ़ाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार होगा और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर केंद्र की योजनाओं का श्रेय लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक बयानबाजी के बजाय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान देना चाहिए, ताकि इसका लाभ प्रदेश के लोगों तक पहुंच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला